देवरी/जमुआ। केंद्र सरकार के खनन एवं खनिज विकास एवं विनियमन कानून के विरोध में शनिवार को जमुआ विधानसभा क्षेत्र के देवरी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से पदयात्रा एवं चरणबद्ध महा-आंदोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह जमुआ विधानसभा प्रभारी प्रणव वर्मा बतौर प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रोड शो में भी हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा की।

प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक जुटे। कार्यकर्ताओं ने “खनिज कानून वापस लो” और “हमारा खनिज–हमारा अधिकार” जैसे नारे लगाए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रणव वर्मा ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के हक-अधिकार की आवाज को और मजबूती से उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खनिज कानून के विरोध में पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि आंदोलन में आम लोगों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी से खनिज संसाधनों पर अधिकार से जुड़े मुद्दे को मजबूती मिल रही है। पदयात्रा और कार्यक्रम के दौरान “हमारा खनिज, हमारा अधिकार” के नारे गूंजते रहे।कार्यक्रम में जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, प्रखंड अध्यक्ष मुजाहिद अंसारी, जिला सह सचिव अनिल चौधरी, कैलाश यादव, नवीन मुर्मू, तुपलाल हजारा, किशोर वर्मा, रामकिसुन हाजरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना बास्की और युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक वर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।











