धनवार :- समाजसेवी सूरज कुमार का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को वे पचरुखी पंचायत अंतर्गत बाघमारी टोला लपसियाटांड पहुंचे, जहां ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति काफी खराब है। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय तो गांव पहुंचते हैं, लेकिन बाद में गांव की समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 दिन पहले गांव का ट्रांसफार्मर जल गया था। इस संबंध में 23 जुलाई 2026 को बिजली विभाग को लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि गांव के आधे हिस्से में आज भी बिजली के खंभे और तार नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण लोगों को दूर से तार खींचकर बिजली का उपयोग करना पड़ता है।जल-नल योजना को लेकर भी ग्रामीणों ने असंतोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि गांव में जलमीनार तो स्थापित है, लेकिन उससे उपयोग योग्य पानी नहीं मिल पाता। वहीं गांव में लगभग 400 मीटर सड़क का निर्माण नहीं होने से लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद समाजसेवी सूरज कुमार ने कहा कि ट्रांसफार्मर एवं बिजली से संबंधित समस्या के समाधान के लिए वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सड़क निर्माण की मांग भी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं विभाग के समक्ष उठाने की बात कही। साथ ही कहा कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान के तहत बाघमारी टोला पहुंचे समाजसेवी सूरज कुमार, ग्रामीणों ने उठाई सड़क, बिजली और पानी की समस्याएं










