खोरीमहुआ: धनवार प्रखंड के गोदोडीह निवासी एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय देवनारायण यादव की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 20 सूत्री अध्यक्ष शफीक अंसारी एवं समाजसेवी सूरज कुमार शामिल हुए। दोनों ने स्व. यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. देवनारायण यादव समाजसेवा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता के लिए हमेशा समर्पित रहे। उनके कार्य और विचार आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर समाजसेवी सूरज कुमार ने कहा कि 3 अगस्त 2019 को देवनारायण यादव तथा 4 फरवरी 2022 को सतीश यादव जैसे दो समर्पित समाजसेवियों का अल्प अंतराल में निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दोनों ने जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद रखेगी। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य दीपक यादव (भालूटांड़), अजित रजक, सिकंदर रजक, राजेश यादव, राजू पांडे, तुलसी पासवान, शत्रुध्न प्रसाद यादव, प्रवेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में सभी ने स्व. देवनारायण यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
स्व. देवनारायण यादव की सातवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजसेवा के योगदान को किया गया याद










