गावां: गावां प्रखंड की सेरुआ पंचायत में एक किराना दुकान में सरकारी चावल रखे जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने सेरुआ स्थित एक जनरल स्टोर में करीब 25 बोरी सरकारी चावल रखे होने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलने के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चांदनी कुमारी जांच के लिए संबंधित दुकान पर पहुंचीं, लेकिन जांच के दौरान दुकान में चावल नहीं मिला।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आपूर्ति पदाधिकारी के पहुंचने से पहले ही दुकान से चावल के बोरे हटा दिए गए थे। हालांकि, इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर अभी कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो मनोज यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वीडियो में दुकान के अंदर चावल के कई बोरे दिखाई दे रहे हैं, जिन पर सरकारी विभाग से संबंधित चिन्ह नजर आने का दावा किया जा रहा है। मनोज यादव ने आरोप लगाया है कि दुकान में करीब 25 बोरी सरकारी चावल रखा गया था और उन्होंने वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सोशल मीडिया पर साझा किया है।
मामले को लेकर 20 सूत्री सदस्य अजय सिंह ने भी जांच की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
वहीं, मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चांदनी कुमारी से संपर्क कर जांच की स्थिति और आगे की कार्रवाई की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। ऐसे में सरकारी चावल दुकान तक कैसे पहुंचा और जांच के दौरान चावल कहां गया, यह जांच का विषय बना हुआ है।
अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि दुकान में रखा चावल सरकारी था या नहीं और यदि सरकारी चावल था तो वह वहां किस परिस्थिति में पहुंचा
सरकारी चावल पर सवाल! वीडियो वायरल, जांच के लिए पहुंची आपूर्ति पदाधिकारी तो नहीं मिला चावल






